वर्धा प्रतिनिधी
भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की शहादत दिवस पर महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के गालिब सभागर में भगत सिंह व उनके साथियों पर बनी फिल्म द लीजेंड ऑफ भगत सिंह का प्रसारण किया गया। फिल्म प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन हिंदी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा किया गया।
फिल्म देखने के लिए आए विद्यार्थियों ने फिल्म के माध्यम से भगत सिंह व उनके साथियों को याद किया। गालिब सभागार में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने फिल्म को देखा। विद्यार्थी और राजनीति लेख में भगत सिंह लिखते हैं कि विद्यार्थियों का मुख्य काम पढ़ाई करना है। उन्हें अपना पूरा ध्यान उस ओर लगा देना चाहिए लेकिन क्या देश की परिस्थितयों का ज्ञान और उनके सुधार के लिए सोचने की योग्यता पैदा करना उस शिक्षा में शामिल नहीं है। यदि नहीं है तो हम उस शिक्षा को भी निकम्मी समझते हैं, जो सिर्फ क्लर्की करने के लिए हासिल की जाए।
उक्त पंक्तियां शिक्षा से संबंधित भगत सिंह के विचार को व्यक्त करते हैं। अर्थात शिक्षा सिर्फ जीविकोपार्जन के लिए ही नहीं हो, बल्कि देश और समाजिक स्तर पर बदलाव की दिशा में भी अग्रसर हो। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शोधार्थी मौजूद थे।